कोरबा।कोरबा शहर के बुधवारी बाजार में मुख्य प्रवेश द्वार के सामने उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब नाली के ऊपर बनाया गया कंक्रीट स्लैब एक मालवाहक वाहन का भार सहन नहीं कर सका। सामान उतारने के लिए बाजार पहुंचा मालवाहक वाहन जैसे ही स्लैब के ऊपर से गुजरा, अचानक स्लैब टूटकर धंस गया और वाहन उसमें फंस गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
लोगों का कहना है कि यदि सामान्य मालवाहक वाहन का वजन भी नाली के ऊपर बनाए गए स्लैब से नहीं संभल पाया, तो निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और उसकी मजबूती की जांच किया जाना जरूरी है। उनका कहना है कि शहर में बड़े पैमाने पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता आम लोगों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कराने, स्लैब निर्माण की गुणवत्ता की जांच करने तथा निर्माण में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही क्षतिग्रस्त स्लैब को जल्द दुरुस्त कराकर भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
