युवाओं की भागीदारी से साकार होगा विकसित भारत-2047 का संकल्प : संजूदेवी

कोरबा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जागरूक और सामर्थ्यवान युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत-2047 का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का जो लक्ष्य निर्धारित किया है, उसका उद्देश्य युवाओं के बेहतर भविष्य के साथ देश को प्रगति के नए आयाम तक पहुंचाना है।

महापौर कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में आयोजित ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषयक युवा संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भारत के राष्ट्रगीत, छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, माय भारत कार्यक्रम की जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर उपस्थित रहे। स्वागत उद्बोधन प्राचार्य डॉ. बोपापुरकर ने दिया।

संवाद के दौरान गगन शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा नीलिमा पांडेय सहित अन्य विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

समापन अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने उपस्थित जनों को लोकतंत्र की रक्षा करने, संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन एनएसएस जिला संगठक वाय.के. तिवारी ने किया।