मधु स्वीट्स से खोवा और न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया;खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई
कोरबा। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने शहर में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सोमवार को आयुक्त दीपक अग्रवाल और कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व प्रशासन तथा नगर निगम की संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान दो दुकानों से खाद्य नमूने लिए गए, जबकि चार प्रतिष्ठानों पर कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान निहारिका स्थित मधु स्वीट्स से खोवा का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं टीपी नगर स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से काजू कतली का सैंपल लिया गया। दोनों नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार प्रतिष्ठानों पर लगाया जुर्माना
संयुक्त जांच दल ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर चार प्रतिष्ठानों पर आर्थिक दंड लगाया। कार्रवाई के तहत निहारिका स्थित रवि डेयरी पर 3 हजार रुपये और लल्ला कैफे पर 2 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसी तरह टीपी नगर स्थित नेचुरल स्वीट्स पर 3 हजार रुपये तथा सुगर क्राउन पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इस तरह निरीक्षण अभियान में कुल 13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और दो प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
जांच रिपोर्ट पर रहेगी नजर
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ उनकी शुद्धता और गुणवत्ता को लेकर भी सतर्कता जरूरी हो जाती है। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अब लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
