पंचायत सचिव के प्रभार को लेकर भिलाई बाजार में विरोध, वर्तमान सचिव को यथावत रखने की मांग

सरपंच ने प्रभारी मंत्री अरुण साव को लिखा पत्र

कोरबा। जनपद पंचायत कटघोरा की ग्राम पंचायत भिलाई बाजार में सचिव के प्रभार को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच रजनी मरकाम ने जिला पंचायत के आदेश के तहत पंचम पाटले को सचिव का प्रभार सौंपे जाने पर आपत्ति जताते हुए प्रभारी मंत्री अरुण साव को आवेदन दिया है। उन्होंने पंचायत के वर्तमान सचिव को यथावत रखने की मांग की है।

2 नवंबर को दिए गए आवेदन में सरपंच ने उल्लेख किया है कि जिला पंचायत कोरबा द्वारा 25 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत पंचम पाटले का स्थानांतरण ग्राम पंचायत भिलाई बाजार में किया गया है। आवेदन में पंचम पाटले के पूर्व में ग्राम पंचायत मुढ़ाली और वर्तमान में चाकाबुड़ा में कार्य व्यवहार को लेकर ग्रामीणों एवं पंचायत पदाधिकारियों की असंतुष्टि का हवाला दिया गया है। सरपंच के अनुसार, उनके कार्य व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि ग्राम पंचायत भिलाई बाजार एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र से प्रभावित क्षेत्र में आती है। यहां ग्रामीणों के एसईसीएल से संबंधित कई कार्य होते हैं। ऐसे में पंचायत के कामकाज और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में सचिव की भूमिका महत्वपूर्ण है।

सरपंच ने वर्तमान सचिव दीपक कुमार भारद्वाज की कार्यशैली और व्यवहार को कुशल बताते हुए कहा है कि पंचायत के पदाधिकारी एवं ग्रामीण उनके कामकाज से संतुष्ट हैं। इसी आधार पर उन्होंने पंचम पाटले को सचिव का प्रभार नहीं दिए जाने और वर्तमान सचिव को यथावत रखने के लिए निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।