गेवरा खदान में बड़ा हादसा टला: कोयला लदा ट्रेलर कैंपर वाहन पर पलटा, चालक घायल

कोरबा।एसईसीएल गेवरा खदान में शनिवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब कोयला लदा एक ट्रेलर ढलान पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कैंपर वाहन के ऊपर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कैंपर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त कैंपर वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था।

ढलान पर बिगड़ा ट्रेलर का संतुलन
जानकारी के अनुसार गेवरा खदान के 12 नंबर कांटा से ट्रेलर में कोयला लोड किया गया था। वजन तौलने के बाद ट्रेलर ढलान से नीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह हेल्पर साइड की ओर झुकते हुए सड़क किनारे पलट गया। इसी दौरान वहां खड़ा सफेद रंग का कैंपर वाहन ट्रेलर की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। दुर्घटना में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कैंपर वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।

कैंपर में कोई होता तो हो सकता था बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस समय ट्रेलर कैंपर वाहन पर पलटा, उस वक्त वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया। खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही को देखते हुए इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कोयला परिवहन मार्गों की नियमित जांच और आवश्यक मरम्मत कराई जाए। साथ ही ढलान वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।

फिलहाल ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। तकनीकी खामी, सड़क की स्थिति अथवा अन्य कारणों की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।