क्रीड़ा परिसर में प्रवेश पाने गुजरना होगा चयन प्रक्रिया से,चयन परीक्षा 10 अगस्त को

एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो और तैराकी का मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, 40 खिलाड़ियों का होगा चयन

कोरबा। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जिला मुख्यालय कोरबा में शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक क्रीड़ा परिसर की शुरुआत की जा रही है। इस परिसर में चयनित बालक खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो एवं तैराकी खेलों का विशेषज्ञ प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्रावास एवं खेल मैदान की उपलब्धता के आधार पर इस वर्ष 40 खिलाड़ियों को प्रवेश मिलेगा।

प्रवेश के लिए ऐसे विद्यार्थी पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2009 या उसके बाद की हो तथा वे कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययनरत हों। खिलाड़ियों का चयन विभाग द्वारा आयोजित 10 बैटरी टेस्ट में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया में 50 मीटर दौड़, उछाल परीक्षण, 4×10 मीटर शटल रेस, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, गतिशील स्फूर्ति परीक्षण, अपर बॉडी बेंडिंग, पुश-अप, लेग रेजिंग, सिट-अप तथा 400 मीटर दौड़ सहित कुल 10 शारीरिक दक्षता परीक्षण शामिल रहेंगे।

प्रवेश चयन परीक्षा 10 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम, टी.पी. नगर, कोरबा में आयोजित की जाएगी।

चयनित खिलाड़ियों की सूची 13 अगस्त को जारी की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें क्रीड़ा परिसर में प्रवेश प्रदान किया जाएगा। विभाग ने इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से समय पर चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है।