रात में रिहायशी परिसर में पहुंचा सांप, जितेंद्र सारथी ने सुरक्षित किया रेस्क्यू; स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा। पुलिस लाइन में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब रिहायशी परिसर में एक जहरीला कॉमन करैत सांप दिखाई दिया। करीब रात 8 बजे सांप नजर आने के बाद पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
सांप के रेस्क्यू होने के बाद पुलिस लाइन के परिवारों ने राहत की सांस ली। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित सर्पदंश की घटना टल गई। रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया, ताकि उसे भी नुकसान न पहुंचे।
अंधेरा और सफाई की कमी पर नाराजगी
घटना के बाद पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों ने परिसर में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने और सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि अंधेरे और झाड़ियों-कचरे की मौजूदगी से जहरीले सांपों का खतरा बढ़ जाता है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवारों ने पर्याप्त रोशनी और नियमित सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की।
जितेंद्र सारथी ने पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को भी मौके से फोन पर समस्या की जानकारी दी। उन्होंने रिहायशी क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और बेहतर सफाई व्यवस्था की जरूरत बताई। अधिकारियों की ओर से जल्द आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया गया।
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें
जितेंद्र सारथी ने लोगों से घरों के आसपास सफाई रखने, झाड़ियों और कचरा जमा नहीं होने देने तथा बच्चों को अंधेरे में बाहर नहीं खेलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहरीला सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
उन्होंने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल जिला अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















