मेंटेनेंस शुल्क नहीं मिलने से प्रभावित हो रहीं मूलभूत सुविधाएं, हितग्राहियों से जल्द भुगतान की अपील
कोरबा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कोरबा स्थित अपनी विभिन्न आवासीय कॉलोनियों में बकाया लैंड मेंटेनेंस चार्ज (एलएमसी), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (सीएमसी) एवं जल प्रभार की वसूली तेज करने का निर्णय लिया है। मंडल ने बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
मंडल के अनुसार अटल विहार कॉलोनी झगरहा, अटल विहार कॉलोनी उरगा तथा अटल आवास जेंजरा का नियमित संधारण किया जा रहा है।
इन कॉलोनियों में सड़क,नाली,उद्यान,स्ट्रीट लाइट,जलापूर्ति, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के संचालन पर नियमित व्यय किया जाता है।
इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि एलएमसी, सीएमसी और जल प्रभार से प्राप्त होती है।
अधिकारियों ने बताया कि इन मदों में लाखों रुपये की राशि लंबे समय से बकाया है। समय पर शुल्क जमा नहीं होने के कारण बिजली बिलों के भुगतान, साफ-सफाई, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक रखरखाव कार्यों में वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी है।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के कोरबा प्रक्षेत्र कार्यालय ने सभी बकायादार हितग्राहियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द बकाया राशि जमा कर कॉलोनियों के बेहतर रखरखाव और नागरिक सुविधाओं के सुचारु संचालन में सहयोग करें।
कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय तक भुगतान नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
