जनदर्शन के आवेदनों के निराकरण में लापरवाही एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी, तीन दिवस में मांगा जवाब
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत ने शासकीय कार्यों में लापरवाही तथा जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण में उदासीनता बरतने पर जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने तीन दिवस के भीतर अभिलेखों सहित स्पष्ट जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि 28 जुलाई को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित जनदर्शन के कई मामलों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि शिकायतों का संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया। साथ ही विभाग की ओर से अपेक्षित जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत नहीं की गई।
समीक्षा के दौरान हाईस्कूल गोपालपुर में मानदेय व्याख्याता (गणित) भर्ती में अधिक अंक प्राप्त अभ्यर्थी के चयन नहीं होने, सेवानिवृत्त शिक्षक को देय राशि के भुगतान, मानदेय शिक्षक चयन में मेरिट के बावजूद चयन से वंचित अभ्यर्थियों तथा छात्र सुरक्षा बीमा योजना की सहायता राशि से जुड़े प्रकरणों में कार्रवाई लंबित पाई गई। इन मामलों में आवेदकों को समय पर राहत नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
बैठक में निःशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना 2026-27 के तहत कक्षा पहली से दसवीं तक की पुस्तकों की स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। कलेक्टर ने इसे शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों के प्रति लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत मानते हुए तीन दिन के भीतर संबंधित अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
