जिला न्यायालय में जागरूकता कार्यक्रम, अधिकारियों- अधिवक्ताओं समेत आमजनों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कोरबा।राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर शनिवार को जिला न्यायालय कोरबा में नशामुक्ति जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों एवं आमजनों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लीगल डिफेंस काउंसिल रोहित रजवाड़े, डिप्टी चीफ अरुण अनंत, नंद किशोर एवं रामकुमार मौर्य सहित अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नशामुक्ति केंद्र के संचालक अरुणव, नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान नशे की लत से होने वाले स्वास्थ्यगत, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार की खुशहाली और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार और समाज की सक्रिय भूमिका को जरूरी बताया गया।
स्वयं नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए स्वयं किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करने तथा परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से अपने आसपास नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















