दीपका बस्ती में घटना से सनसनी, कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिली; आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
कोरबा/दीपका। दीपका बस्ती में 17 वर्षीय 11वीं कक्षा के छात्र दिलीप कंवर की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन जिस कमरे में छात्र था उसका दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि दिलीप कंवर स्वामी आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं का छात्र था। बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे उसकी बड़ी मां छत पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान नीचे कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने परिजनों को आवाज दी। परिजन कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर कमरा धुएं से भरा था और दिलीप गंभीर रूप से झुलसा हुआ पड़ा था।
मोबाइल फटने या आत्महत्या की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
सूचना पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिली है। परिजन और आसपास के लोग आग लगने को लेकर अलग-अलग आशंका जता रहे हैं। मोबाइल फटने से आग लगने अथवा आत्महत्या की चर्चा भी है, लेकिन पुलिस ने इनमें से किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है। आग के वास्तविक कारण का पता फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
दिलीप ने हाल ही में सप्लीमेंट्री परीक्षा पास की थी और करीब तीन दिन पहले ही स्कूल जाना शुरू किया था। आगामी अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था।
उसके पिता एसईसीएल की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















