तालाब के पास घेरकर गला दबाया, लात-घूंसों से पीटा; लोहे के कड़े से सिर फोड़ा
कोरबा। चोरी की सूचना दुकान मालिक को देना एक युवक को भारी पड़ गया। नाराज आरोपियों ने तालाब के पास उसे घेरकर जान से मारने की कोशिश की। गला दबाने के साथ लात-घूंसों से जमकर पिटाई की और हाथ में पहने लोहे के कड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर फटने से युवक लहूलुहान हो गया। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चाकाबुड़ा छिछमेपारा का है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी अजय सिदार (23) ने 10 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने सल्हियापारा स्थित एक दुकान के पुराने मकान से गांव के ही कान्हा अगरिया, बिज्जू और सोनू अगरिया को चोरी का सामान ले जाते देखा था। अजय ने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दे दी थी।
इसी बात से नाराज आरोपियों ने उसी रात करीब 9 बजे तालाब के पास अजय को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा (19), विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू (20), राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू (20) और एक विधि से संघर्षरत बालक ने उसके साथ गाली-गलौज की।
इसके बाद आरोपियों ने हाथ-मुक्के और लात से उसकी पिटाई शुरू कर दी और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसी दौरान नाबालिग आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से अजय के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/ 2026 दर्ज कर BNS की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) और 109(1) के तहत कार्रवाई शुरू की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















