कोरबा। गेवरा रोड रेलवे स्टेशन से बंद यात्री ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। वर्तमान में स्टेशन से केवल दो यात्री ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें एक ट्रेन सुबह करीब 6:30 बजे और दूसरी दोपहर करीब 1:30 बजे चलती है। स्थानीय लोगों के अनुसार कोविड से पहले इस मार्ग पर पांच यात्री ट्रेनों का संचालन होता था, लेकिन कोविड के बाद कई ट्रेनें बंद कर दी गईं, जिनका संचालन अब तक पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है।
क्षेत्र की यातायात जरूरतों को देखते हुए भिलाई बाजार निवासी समाजसेवक प्रदीप जायसवाल बंद ट्रेनों को पुनः शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि गेवरा रोड रेलवे क्षेत्र से करीब 40 से 50 ग्राम पंचायतों, नगर पालिका क्षेत्र तथा दो नगर निगम क्षेत्रों के लोगों का आवागमन जुड़ा है। ऐसे में पर्याप्त यात्री ट्रेनों का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रेनों के पुनः संचालन को लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की ओर से भी रेलवे को अनुशंसा किए जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद सभी बंद ट्रेनों का संचालन अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
प्रदीप जायसवाल ने रेलवे से मांग की है कि क्षेत्र की बढ़ती यात्री जरूरतों को देखते हुए कोविड से पूर्व संचालित सभी यात्री ट्रेनों को पुनः पटरी पर लाया जाए। साथ ही गेवरा रोड स्टेशन से यात्री सुविधाओं में भी विस्तार किया जाए, ताकि आसपास के बड़े ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















