पारिवारिक विवाद में भतीजे ने फरसी से चाचा का गला रेता, मौके पर मौत

पनगांव में देर रात खूनी वारदात से सनसनी, वारदात के बाद आरोपी फरार; पुलिस तलाश में जुटी

कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के पनगांव में शनिवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान भतीजे दुर्गेश कुमार ने अपने चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया। गले में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव से गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि गुलाब सिंह का अपनी मां से किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद दुर्गेश कुमार भी विवाद में उलझ गया और आक्रोशित होकर घर में रखी फरसी उठा ली। उसने गुलाब सिंह के गले पर वार कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो गुलाब सिंह को खून से लथपथ पाया।

सूचना पर कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फरार आरोपी दुर्गेश कुमार की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एक ही परिवार में हुई इस खूनी वारदात से पनगांव में दहशत का माहौल है।