150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ा नशे में युवक, 6 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

पत्नी-बच्चे नीचे से लगाते रहे गुहार, पुलिस-प्रशासन की समझाइश पर सुरक्षित उतरा

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर जा चढ़ा। युवक को टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से में बैठा देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नीचे उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामीण लगातार उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई है। बताया गया कि वह दोपहर में अचानक गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा और देखते ही देखते काफी ऊंचाई तक पहुंच गया। वह कभी ऊपर जाता तो कभी नीचे आता रहा। टॉवर पर चढ़ने की वजह पूछने पर भी उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर स्थिति को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण पुलिस और प्रशासन ने बेहद सतर्कता के साथ युवक से बातचीत शुरू की।

करीब छह घंटे तक समझाइश और मान-मनौव्वल के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। उसके सुरक्षित जमीन पर आते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

थाना प्रभारी ने बताया कि युवक शराब के नशे में था। उसने टॉवर पर चढ़कर जान जोखिम में क्यों डाली, इसकी पूछताछ की जा रही है।