कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के विकास एवं निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद कार्य शुरू नहीं करने वाली निर्माण एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
बुधवार को साकेत भवन स्थित निगम सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई निर्माण एजेंसियों को दो से तीन बार नोटिस जारी करने के बाद भी उन्होंने कार्य प्रारंभ नहीं किया। इस पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी कार्य में तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आ रही है तो अधिकारी तत्काल अवगत कराएं, ताकि समय पर उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में वित्त आयोग, अधोसंरचना, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), सीएसआर, प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, पार्षद मद सहित प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य योजनाओं के कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस
आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और पेयजल आपूर्ति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोन कमिश्नरों, स्वास्थ्य अधिकारियों एवं फील्ड स्टाफ को नियमित मॉर्निंग विजिट करने तथा सफाई कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि सभी स्ट्रीट लाइटें समय पर चालू और सुबह निर्धारित समय पर बंद हों, ताकि ऊर्जा की बचत के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा,उपायुक्त नीरज कौशिक, अधीक्षणअभियंता सुरेश बरूआ एवंभूषण उरांव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह,विभिन्न जोन कमिश्नर,स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
