अटल परिसर की प्रतिमा पर उठे सवाल, गुणवत्ता जांच के लिए पहुंचे कार्यपालन अभियंता अली बख्श

प्रारंभिक जांच में मिली अनियमितता के संकेत,प्रतिमा का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा नगर पालिका परिषद परिसर में निर्माणाधीन अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर के कार्यपालन अभियंता अली बक्श मंगलवार को कटघोरा पहुंचे और प्रतिमा का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रतिमा की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता के संकेत मिलने की बात सामने आई। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि प्रथम दृष्टया गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी प्रतीत हो रही है, इसलिए प्रतिमा का सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों में अटल परिसर निर्माण के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए हैं। अधिकांश स्थानों पर निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन कटघोरा में स्थापित प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया।

इस मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।