नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस की सख्ती, 11 दोपहिया वाहनों पर ₹22 हजार का चालान

निर्मला स्कूल में यातायात जागरूकता अभियान, अभिभावकों को थाने बुलाकर दी गई समझाइश

कोरबा।सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइन के सामने स्थित निर्मला स्कूल तथा कोसाबाड़ी निर्मला स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए जागरूक किया गया।

यातायात डीएसपी सुश्री ज्योत्सना चौधरी ने कहा कि चालान का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना कानूनन अपराध है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

अभियान के दौरान पुलिस ने 11 मोटरसाइकिल एवं स्कूटी ऐसे पकड़े जिन्हें नाबालिग चला रहे थे। इन मामलों में कुल ₹22 हजार का समन शुल्क वसूला गया।

कार्रवाई के बाद संबंधित अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों की सुरक्षा और कानून का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।