एनजीटी प्रतिबंध के बावजूद हो रहा था रेत, गिट्टी और ईंट का परिवहन, कलेक्टर के निर्देश पर चली सघन कार्रवाई
कोरबा। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 9 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनिज प्रशासन प्रमोद नायक के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने राताखार, सीतामढ़ी, बरमपुर, कुसमुंडा और कटघोरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर यह कार्रवाई की। हाल के दिनों में बेखौफ होकर अवैध परिवहन कर रहे खनिज माफियाओं में इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान सीतामढ़ी से रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर, बरमपुर से 1 टीपर, राताखार से गिट्टी से भरे 2 हाइवा एवं रेत से भरा 1 टीपर, कुसमुंडा से ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर तथा कटघोरा से रेत का अवैध परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर सहित कुल 9 वाहन जब्त किए गए।
जब्त वाहनों को सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना एवं खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
