कोरबा। जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 40 ई-बसों के संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी की साधारण सभा की बैठक में ई-बसों के संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह सहित सोसायटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान समिति द्वारा तैयार किए गए प्रस्तावित रूट चार्ट पर विचार-विमर्श कर उसके अनुमोदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित सभी मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सड़क की चौड़ाई, ई-बसों के सुरक्षित आवागमन और टर्निंग के लिए पर्याप्त स्थान का तकनीकी परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि रूट निर्धारण के दौरान यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां नए बस स्टॉप भी चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि नागरिकों को सुगम और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सके।
बैठक में ई-बस संचालन के लिए निर्धारित जीसीसी दरों के अनुमोदन, चयनित निविदाकार को लेटर ऑफ अवार्ड जारी करने तथा संबंधित नगरीय निकाय एवं प्राधिकरण द्वारा चयनित एजेंसी के साथ रियायत अनुबंध (कंसेशन एग्रीमेंट) किए जाने संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन का मानना है कि ई-बसों के संचालन से शहर में पर्यावरण अनुकूल, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित होगी, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
