निर्मला स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी गई समझाइश

छात्रों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का दिया संदेश

कोरबा।निर्मला स्कूल में बुधवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएसपी (यातायात) ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों से कहा कि “आज आप चालान के बारे में सुन रहे हैं। चालान का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं है, बल्कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना है। जो लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं, उन्हीं पर कार्रवाई की जाती है।” उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई तथा अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

इस अवसर पर यातायात शाखा के एएसआई ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर, प्रधान आरक्षक पवन सिंह कौरव, सुशांत टोप्पो, तिर्की, नारंग सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की तरह व्यवहार करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़क संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।