कटघोरा अटल परिसर में कथित ₹13.60 लाख घोटाले पर भाजपा का हमला, गोपाल मोदी ने सीएमओ की बर्खास्तगी और निष्पक्ष जांच की मांग

कोरबा।भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद के अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण एवं ब्रॉन्ज सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल पद से हटाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

गोपाल मोदी ने कहा कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज प्रतिमा के नाम पर गंभीर वित्तीय अनियमितता किए जाने की आशंका है। आरोप है कि ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट की प्रतिमा स्थापित की गई, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया।

उन्होंने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में लगभग ₹13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता की आशंका है।

उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही प्रतिमा निर्माण में उपयोग की गई सामग्री की तकनीकी जांच विशेषज्ञों से कराई जाए तथा भुगतान, निविदा प्रक्रिया, मापन पुस्तिका (एमबी), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है।

जनहित एवं शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।