सड़क उखाड़कर गायब हुआ ठेकेदार,डेढ़ साल से बदहाल कटबितला मार्ग पर ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें

कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत कटबितला में बरीडीह से कटबितला पहुंच मार्ग पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अधूरा पड़ा है। सड़क निर्माण के नाम पर मार्ग को खोदकर बोल्डर बिछा दिए गए, लेकिन इसके बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कीचड़, गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

सरपंच ने कलेक्टर से की शिकायत
समस्या को लेकर ग्राम पंचायत कटबितला की सरपंच अचला कंवर ने कलेक्टर एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर सड़क निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार सड़क खोदकर बोल्डर डालने के बाद काम छोड़कर चला गया, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ठेकेदार का कहना है कि उसका अनुबंध समाप्त हो चुका है, जबकि सड़क आज भी अधूरी पड़ी है।


विभाग ने माना- ठेका किया गया निरस्त
सरपंच की शिकायत के जवाब में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य डी.सी. कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं होने पर दिसंबर 2025 में ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर दिया गया। विभाग ने शेष कार्य पूरा कराने के लिए री-टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है। नई एजेंसी के चयन के बाद निर्माण कार्य कराया जाएगा।

री-टेंडर तक कौन उठाएगा जिम्मेदारी?
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग ने ठेका निरस्त कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली, लेकिन सड़क अधूरी छोड़ दिए जाने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। उनका सवाल है कि जब सड़क पहले ही खोद दी गई थी तो उसे सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाए रखने की जिम्मेदारी किसकी थी?

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नई निविदा पूरी होने का इंतजार करने के बजाय तत्काल अस्थायी मरम्मत कर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो यह जर्जर सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।