तीन महीने में दूसरी बड़ी आग की घटना, प्रशासन ने शुरू कराई जांच; रिपोर्ट के आधार पर होगा संचालन पर फैसला
कोरबा। औद्योगिक क्षेत्र खरमोरा स्थित वेस्टर्न इलेक्ट्रोड कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को लगी भीषण आग के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरणीय मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद अब फैक्ट्री का भविष्य प्रशासनिक जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। सरकारी एजेंसियां सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और तकनीकी मानकों की जांच कर रही हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
शनिवार को लगी आग के दौरान फैक्ट्री से उठे काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट और बॉयलर से जुड़ी तकनीकी खामियों को माना जा रहा है।
हालांकि आग के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस हादसे से फैक्ट्री को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ बड़ी मात्रा में निकले धुएं ने पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
उल्लेखनीय है कि लगभग तीन महीने पहले भी इसी फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई थी। उस समय भी औद्योगिक सुरक्षा मानकों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सवाल उठे थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पर्यावरण विभाग, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित शासकीय एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन, अग्निशमन व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण उपायों तथा तकनीकी खामियों सहित विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह निर्णय लिया जाएगा कि फैक्ट्री को आवश्यक सुधारों के बाद संचालन की अनुमति दी जाए या गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसके संचालन पर रोक लगाने सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जाए। फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

