जैन स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार का लोकार्पण,मंत्री देवांगन ने समाज को किया समर्पित

बुधवारी जैन मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में सामाजिक विकास कार्यों को मिली नई गति; महापौर बोलीं सुशासन में समाजों को मिल रहा सम्मान

कोरबा। नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने रविवार को बुधवारी स्थित जैन मंदिर परिसर में नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धारित जैन स्वाध्याय भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जनप्रतिनिधियों तथा जैन समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समाजजन की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद उद्योग मंत्री ने नवनिर्मित भवन समाज को समर्पित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जैन समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें सदैव मिलता रहा है। समाज की मांग पर सीएसआर मद से स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार कार्य को तत्काल स्वीकृति दिलाई गई, जिसका परिणाम आज एक भव्य भवन के रूप में सामने है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं और सामाजिक अधोसंरचना को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न समाजों के लिए 56 सामाजिक विकास कार्यों को स्वीकृति देकर तेजी से पूरा कराया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि सुशासन की सरकार में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में शहर के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिली है। विभिन्न समाजों की मांग के अनुरूप विकास कार्य स्वीकृत होकर समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं, जिससे सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर जैन समाज के वरिष्ठ सदस्य सुधीर जैन ने मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जैन मिलन समिति को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि कोरबा में विकास कार्यों को नई गति मिली है और समाज इसके लिए मंत्री का आभारी है।

कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन, जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, एल्डरमैन ईश्वर साहू, डॉ. प्रिंस जैन, प्रकाश जैन, सोनू जैन, मुकुल जैन, अशोक जैन, प्रमोद जैन, आशीष जैन, पारस जैन, मनीष जैन सहित जैन समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन समाज की उन्नति और जनकल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।