‘युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण’ थीम पर आज जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता

अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में जुटेंगे जिलेभर के प्रतिभागी, विजेता करेंगे राज्य स्तर पर कोरबा का प्रतिनिधित्व

कोरबा। माय भारत युवा कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार 27 जुलाई को अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय “युवा की उड़ान, नशा मुक्त भारत का निर्माण” रखा गया है, जिसके माध्यम से युवाओं में नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि 22 से 25 जुलाई तक जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित प्रारंभिक प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता में नृत्य, संगीत, वाद-विवाद, नारा लेखन, चित्रकला, रैप सॉन्ग, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, रील मेकिंग तथा लघु फिल्म निर्माण जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थी रायपुर में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।