29 जुलाई से भेजे जाएंगे पोस्टल बैलेट, 17 सितंबर तक निर्वाचन अधिकारी को लौटाना होगा मतपत्र
कोरबा। छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति तथा प्राकृतिक चिकित्सा परिषद के संभागीय प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस महत्वपूर्ण चुनाव में प्रदेश के प्रत्येक संभाग से एक-एक प्रतिनिधि का निर्वाचन किया जाएगा। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने सभी पंजीकृत आयुष चिकित्सकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेते हुए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि 29 जुलाई 2026 से पंजीकृत आयुष चिकित्सकों के पते पर पंजीकृत डाक के माध्यम से पोस्टल बैलेट भेजे जाएंगे। चिकित्सकों को निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मतपत्र भरना होगा तथा आवश्यक घोषणा-पत्र संलग्न कर निर्धारित लिफाफे के माध्यम से निर्वाचन अधिकारी को भेजना होगा।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक मतपत्र निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में प्राप्त होना अनिवार्य है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त मतपत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि यह चुनाव आयुष चिकित्सकों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है।
इसलिए निजी प्रैक्टिस करने वाले और शासकीय सेवा में कार्यरत सभी पंजीकृत आयुष चिकित्सकों को अपने मताधिकार का उपयोग कर परिषद में सक्षम और योग्य प्रतिनिधि के चयन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदान से परिषद को मजबूत नेतृत्व मिलेगा और आयुष चिकित्सा पद्धति के विकास को नई दिशा मिलेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
