कोरबा। कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। पिछले करीब एक महीने से कई वार्डों में अनियमित जलापूर्ति के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित वार्ड क्रमांक-9 तिलक नगर है, जहां लोगों का आरोप है कि नलों में केवल 15 से 20 मिनट तक ही पानी की सप्लाई हो रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पानी का दबाव इतना कम रहता है कि मुश्किल से दो-चार बाल्टी पानी ही भर पाता है। ऐसे में घरों की टंकियां तक नहीं भर पा रही हैं, जिससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ घरेलू उपयोग के लिए भी संकट का सामना करना पड़ रहा है।
रहवासियों का आरोप है कि समस्या की शिकायत कई बार नगर पालिका में की गई, लेकिन हर बार अलग-अलग कारण बताकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास किया जाता है। कभी बिजली बाधित होने, कभी मोटर खराब होने तो कभी तकनीकी खराबी का हवाला देकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
लगातार बनी इस स्थिति से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जलापूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं नागरिकों ने प्रशासन से पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

