कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गेवरा परियोजना में वर्ष 2006 बैच के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा गुरु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। गुरु-शिष्य का आत्मीय मिलन भावनाओं से सराबोर रहा और वर्षों पुरानी यादें एक बार फिर ताजा हो गईं।
समारोह में पूर्व विद्यार्थियों ने कहा कि जीवन में जो संस्कार, शिक्षा और मार्गदर्शन उन्हें अपने गुरुजनों से मिला, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि गुरु का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन उनका सम्मान और उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके प्रति सच्ची श्रद्धा व्यक्त की जा सकती है।
इस अवसर पर गुरुजनों ने भी विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, सेवा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन मनीष राजपूत और ज्योति कुमारी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मीनाक्षी साहू, दीपक पराशर, बालेन्द्र सिंह, रूपेश यादव, आत्म प्रकाश चंद्रा, संगीता साहू, ओम केवट सहित अन्य पूर्व विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
समारोह के अंत में सभी ने अपने गुरुजनों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

