प्रेम प्रसंग के विवाद में गांव में खूनी तांडव, बुजुर्ग महिला की हत्या; बेटा-बहू पर भी जानलेवा हमला

ईरफ गांव में देर रात बदमाशों का हमला, कई आरोपी हिरासत में; पुलिस कर रही मामले की जांच

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चैतमा चौकी के ईरफ गांव में शनिवार रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाते हुए एक 65 वर्षीय आदिवासी महिला की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे और बहू पर भी आरोपियों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे कुछ बदमाश हथियारों के साथ ईरफ गांव पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग (लव अफेयर) से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गांव में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने धनुहार आदिवासी परिवार पर हमला बोल दिया।

हमले के दौरान परिवार की बुजुर्ग सदस्य समरीन बाई धनुहार (65 वर्ष), पति मुकुटराम धनुहार पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मां को बचाने के लिए आगे आए पुत्र चेतराम धनुहार और उसकी पत्नी प्रमिला पर भी बदमाशों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के जुटने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रविवार सुबह कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी तथा चैतमा चौकी प्रभारी अफसर खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है तथा अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की बात सामने आई है, हालांकि विस्तृत जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।