डीएसपीएम रेलवे फाटक के पास युवक की सरेआम पिटाई, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

दिनदहाड़े लात-घूंसों से हमला, कपड़े तक फाड़े; जाम में फंसे रहे वाहन, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

कोरबा। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और घटना सामने आई है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की सीएसईबी चौकी अंतर्गत डीएसपीएम रेलवे फाटक के पास रविवार को दिनदहाड़े एक युवक के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रेलवे फाटक के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने युवक को घेरकर लात-घूंसों से जमकर पीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए।

बीच सड़क पर हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा। पीछे खड़े वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन कोई भी बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया।

घटना का पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वायरल वीडियो में कई युवक एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए नजर आ रहे हैं।

मारपीट के बाद पीड़ित युवक सीएसईबी चौकी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने बिना किसी ठोस कारण के उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।