लेमरू में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, विमलता में मंझवार समाज के लिए भवन निर्माण की घोषणा; जनसंवाद में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया शनिवार को वनांचल क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान कुटुरूवां, विमलता, बड़गांव और लेमरू सहित विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक नृत्य और पुष्पमालाओं के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। दौरे के दौरान विकास कार्यों की सौगात देने के साथ उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।
विधायक राठिया ने ग्राम पंचायत लेमरू में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम विमलता में मंझवार समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इस घोषणा से समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दौरे के दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में विधायक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विधायक की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
लेमरू के संचार बहार नाला क्षेत्र में विधायक फूलसिंह राठिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने वनभोज कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय समय बिताया तथा क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग रखते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। विधायक ने भरोसा दिलाया कि वनांचल क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

