लोनर हाथी का आतंक, दो ग्रामीणों के घर तोड़े; दहशत में ग्रामीण

बंजारी गांव में देर रात मचाया उत्पात, वन विभाग ने शुरू किया नुकसान का आकलन; सुरक्षा बढ़ाने की मांग

कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल में लोनर हाथी का आतंक लगातार जारी है। एतमा नगर रेंज के मड़ई सर्किल में विचरण कर रहे लोनर हाथी ने शनिवार देर रात एक बार फिर बंजारी गांव की बस्ती में घुसकर जमकर उत्पात मचाया।

हाथी ने दो ग्रामीणों के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, लोनर हाथी ने लिखनाराम तथा सुशीला बाई (पति राजेंद्र) के घर को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया। हाथी के उत्पात की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षति का आकलन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि लोनर हाथी पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अकेले घूम रहा है और लगातार बस्तियों में घुसकर मकानों व संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है। हाथी के बढ़ते आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वन विभाग के अनुसार कटघोरा वनमंडल के जटगा, एतमा नगर और केंदई रेंज में बड़ी संख्या में हाथियों का विचरण जारी है। हाथियों की निगरानी के लिए वन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद हाथी बस्तियों तक पहुंचकर नुकसान पहुंचा रहे हैं।

वहीं, कोरबा वनमंडल के पसरखेत, कुदमुरा और करतला वन परिक्षेत्र में भी हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। करतला रेंज के पहाड़ गांव में तीन दिनों तक डेरा जमाए रहे 22 हाथियों का दल शनिवार रात सक्ती वन मंडल की सीमा की ओर बढ़ गया है। वन विभाग को इनके दोबारा क्षेत्र में लौटने की आशंका है, जिसके मद्देनजर वन अमला अलर्ट मोड पर है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें और रात के समय जंगल या हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।