तेज बारिश, सड़कों पर पानी, वाहनों की रफ्तार थमी,जनजीवन अस्त- व्यस्त 

कुछ ही मिनटों की बारिश में जलमग्न हुए प्रमुख मार्ग, ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

कोरबा। रविवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने कोरबा शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। महज कुछ ही मिनटों की तेज बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं और कई स्थानों पर सड़कें दरिया जैसी नजर आने लगीं। जलभराव के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ और वाहन चालकों सहित राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अचानक बदले मौसम के बाद तेज बारिश शुरू होते ही शहर के निचले इलाकों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई स्थानों पर बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहा, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

सड़कों पर लबालब पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जबकि अनेक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुककर बारिश थमने का इंतजार करना पड़ा। प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई।

लगातार हो रहे जलभराव ने एक बार फिर शहर की ड्रेनेज व्यवस्था और मानसून पूर्व तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले कुछ घंटों तक कोरबा और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, जलभराव वाले मार्गों से बचने तथा सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया है।