कोरबा। जिले के हरदीबाजार ग्राम पंचायत क्षेत्र में लापरवाही और गंदगी के कारण दो बेजुबान बैलों की मौत का मामला सामने आया है। रविवार सुबह जेपी सैलून के पीछे स्थित पुराने बिंझवार आश्रम परिसर में दोनों बैल मृत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिसर में फैले प्लास्टिक, पन्नी और अन्य जहरीले कचरे को खाने से दोनों मवेशियों की मौत हुई है।
सुबह राहगीरों ने बैलों के शव देखे और इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, आश्रम परिसर के आसपास लंबे समय से दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा प्लास्टिक, थर्माकोल, पन्नी और घरेलू कचरा फेंका जा रहा है। समय पर सफाई नहीं होने से यहां कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है। भोजन की तलाश में आने वाले मवेशी इसी कचरे को खा लेते हैं, जिससे उनकी जान पर बन आती है।
स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई कि लगातार जमा हो रहे कचरे से क्षेत्र में संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बदबू और मच्छरों की समस्या से आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्राम पंचायत ने सफाई और कचरा प्रबंधन की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत मवेशियों के शवों को तत्काल हटाने, पूरे परिसर की सफाई कराने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

