बिजली के खंभे पर चढ़े युवक की 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत, आत्महत्या की आशंका

कोरबा। कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत डिपरापारा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय लवकुश साहू के रूप में हुई है, जो हमाली कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लवकुश अपने घर के बाहर स्थित बिजली के खंभे पर चढ़ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार के सहारे खंभे पर चढ़ने के दौरान वह 11 केवी हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना से कुछ समय पहले लवकुश और उसकी पत्नी बिंदा साहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी आधार पर प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं बिजली विभाग की टीम भी यह जांच कर रही है कि बिजली के खंभे और हाईटेंशन लाइन से जुड़े सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।