केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर कांग्रेस ने मनाया जश्न, मिठाई बांटकर छात्रों की जीत बताई

कोरबा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छात्रों के संघर्ष और लोकतंत्र की जीत बताते हुए मिठाई बांटकर खुशी मनाई।

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर इस घटनाक्रम का स्वागत किया।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि देश के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि सत्ता कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, संगठित जनआंदोलन के सामने उसे झुकना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार सामने आए पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया, लेकिन केंद्र सरकार लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारी से बचती रही।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करे, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाए और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर एवं प्रभावी कदम उठाए।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों के संघर्ष को लोकतंत्र की जीत बताते हुए शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।