कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक-13 (कटघोरा-1) के पार्षद अश्विनी मिश्रा ने वार्ड की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपा है। उन्होंने बारिश के दौरान लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए प्रभावित मार्गों पर तत्काल जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सामग्री डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
पार्षद अश्विनी मिश्रा ने पत्र में बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण वार्ड की गलियों और सड़कों पर जलभराव, कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है। इससे आम नागरिकों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्ड की कुछ सड़कों के लिए पूर्व में बीटी सड़क निर्माण का टेंडर जारी किया गया था, लेकिन समय पर कार्य शुरू नहीं होने के कारण निर्माण कार्य अधूरा रह गया। नतीजतन बारिश में सड़कें और अधिक खराब हो गई हैं तथा जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं।
पार्षद ने बताया कि इस संबंध में 6 जुलाई 2026 को भी नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों में भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अश्विनी मिश्रा ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रभावित सड़कों पर तत्काल जीएसबी सामग्री डलवाकर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

