बायपास पर ट्रेलर चालकों की मनमानी, गलत लेन में दौड़ रहे भारी वाहन; हादसे का बढ़ा खतरा

कोरबा। दीपका-हरदीबाजार बायपास मार्ग पर ट्रेलर चालकों की मनमानी से सड़क हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सुरक्षित आवागमन के उद्देश्य से निर्मित इस बायपास पर चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों तथा भारी वाहनों के लिए अलग-अलग लेन निर्धारित की गई है, लेकिन कई ट्रेलर चालक नियमों की अनदेखी करते हुए चारपहिया वाहनों की लेन में ही वाहन दौड़ा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, हरदीबाजार बायपास सड़क का नए सिरे से निर्माण कर डिवाइडर के माध्यम से दोनों दिशाओं के यातायात को अलग किया गया है। एक लेन छोटे वाहनों और बाइक के लिए निर्धारित है, जबकि दूसरी लेन भारी वाहनों के लिए बनाई गई है। इसके बावजूद कई ट्रेलर चालक नियमों का उल्लंघन कर छोटे वाहनों की लेन में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। रात के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

यह मार्ग एसईसीएल गेवरा एवं दीपका परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों सहित हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में ट्रेलरों की लापरवाही आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।

ग्रामीण महिला कांग्रेस की अध्यक्ष प्रभा तंवर ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए भारी वाहनों की अलग लेन निर्धारित की गई है, लेकिन ट्रेलर चालकों द्वारा लगातार नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर जल्द ही जिला कलेक्टर और एसईसीएल गेवरा के महाप्रबंधक (जीएम) को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।