‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान: कोहड़िया मुख्य मार्ग पर हुआ सघन पौधारोपण, हरित कोरबा का लिया संकल्प

कोरबा।पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत गुरुवार को कोहड़िया वार्ड के मुख्य मार्ग पर सघन पौधारोपण किया गया। अभियान में नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बड़ी संख्या में पौधे लगाए।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय एवं वार्ड पार्षद नरेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं हरित कोरबा के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

पौधारोपण कार्यक्रम में पार्षद रामकुमार साहू, लक्ष्मण श्रीवास, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर सुनील टांडे, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर सहित सोमनाथ डेहरे, देवेन्द्र स्वर्णकार, दिलेश्वर सिंह, कृष्णा द्विवेदी, रवि पोर्ते, अजय मानिकपुरी, अशोक द्विवेदी, रथराम राठौर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें जीवित रखने का सामूहिक संकल्प भी लिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधे का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।