मंत्री देवांगन के घर लगा सोलर रूफटॉप, पीएम सूर्यघर योजना अपनाने की नागरिकों से अपील

कोरबा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने कोहड़िया स्थित निवास पर 10 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। उन्होंने इसे स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।

मंत्री देवांगन ने बताया कि सोलर सिस्टम स्थापित हुए लगभग एक माह हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इससे बिजली बिल में बचत हो रही है, वहीं स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाना अब आम लोगों के लिए पहले से अधिक आसान और किफायती हो गया है। घरेलू उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली विद्युत वितरण कंपनी के ग्रिड में भेजी जाएगी, जिससे भविष्य में अतिरिक्त आय अर्जित करने का भी अवसर मिलेगा।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने प्रदेश और विशेषकर कोरबा जिले के नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह करते हुए स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।