सिंचाई कर्मी के सूने मकान में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर सोना-चांदी व नकदी ले उड़े चोर

कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने एक सरकारी कर्मचारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोना-चांदी के आभूषण, नकदी सहित कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सिंचाई विभाग के कर्मचारी भारत लाल साहू सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी-2/25 में रहते हैं। घटना के समय वे किसी कार्य से घर से बाहर गए हुए थे और मकान में ताला लगा था। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वे घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी टूटी हुई थी और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के अनुसार चोर करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य कीमती सामान ले गए।

चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 से 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

संदिग्धों से पूछताछ जारी
थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है तथा पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पिछले कुछ समय से सूने मकानों और दुकानों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठने लगी है।

2020 की 30 लाख की चोरी अब भी अनसुलझी
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में इसी थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी में व्यवसायी विकास अग्रवाल के घर से करीब 30 लाख रुपये नकद की चोरी हुई थी। उस समय पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच की थी और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले थे, लेकिन अब तक उस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। वर्तमान चोरी की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।