कोरबा।जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत डोंगाआमा के पास गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक चालक और उसके साथ मौजूद बच्चा भी चोटिल हो गए। हादसा सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकराने के कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार डोंगाआमा निवासी नीलांबर खैरवार अपने परिचित प्रदीप पटेल की बाइक लेकर अपने बच्चे और जगतराम कंवर के साथ भैंसमा बाजार गया था। बाजार से लौटते समय डोंगाआमा के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी तीजराम यादव की बाइक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में जगतराम कंवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि नीलांबर खैरवार और उसका बच्चा भी चोटिल हुए। बताया जा रहा है कि दोनों प्राथमिक चोट लगने के बाद घटनास्थल से चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल जगतराम कंवर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मामले की सूचना उरगा पुलिस को भी दे दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

