सौर सुजला योजना बनी किसानों का सहारा,सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर 24 घंटे में चालू हुआ सोलर पंप

कोरबा।छत्तीसगढ़ शासन की सौर सुजला योजना किसानों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रही है। योजना के तहत सब्सिडी पर लगाए गए सोलर पंप किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं तकनीकी खराबी आने पर भी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम अरसियां निवासी किसान श्रीराम के खेत में स्थापित सोलर पंप अचानक तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गया था। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित होने लगी और खेती-किसानी का कार्य बाधित हो गया।

समस्या के समाधान के लिए किसान ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर क्रेडा के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी टीम को मौके पर भेजा।

निरीक्षण के बाद आवश्यक मरम्मत कर 16 जुलाई को सोलर पंप को फिर से सुचारु रूप से चालू कर दिया गया।

सोलर पंप के दोबारा शुरू होने से किसान के खेतों में सिंचाई कार्य सामान्य हो गया और फसल की देखभाल में आ रही परेशानियां दूर हो गईं। किसान ने समय पर समस्या का समाधान होने पर शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

क्रेडा अधिकारियों ने बताया कि सौर सुजला योजना के तहत स्थापित सभी सोलर पंपों के संचालन और रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।किसानों से प्राप्त तकनीकी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाता है, ताकि सिंचाई कार्य प्रभावित न हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।