सड़क से हटने की बात पर ऑटो चालक पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुई खूनी वारदात

बुधवारी बाजार में देर रात खूनी झड़प, गंभीर घायल चालक अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लिया, फुटेज के आधार पर जांच तेज

कोरबा। कोरबा शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रास्ते से हटने की बात कहने पर कुछ युवकों ने ऑटो चालक वेद बरेठ पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक वेद बरेठ ने उनसे रास्ता खाली करने और साइड देने को कहा।

इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने चाकू निकालकर चालक पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।