पोस्टमार्टम में आत्महत्या, मां ने जताई हत्या की आशंका; प्रेम प्रसंग में युवक की मौत ने खड़े किए कई सवाल

चार साल के प्रेम संबंध, शादी से इनकार और धमकियों का आरोप; एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कनबेरी गांव में 25 वर्षीय युवक शंकर सिंह की मौत का मामला उलझता जा रहा है। जहां पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया गया है, वहीं मृतक की मां ने इसे हत्या करार देते हुए पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार के बाद युवक को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके बाद यह घटना हुई।

जानकारी के अनुसार शंकर 17 जून 2026 की सुबह उरगा काम पर जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 18 जून को उरगा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 19 जून की रात पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर घर से करीब 100 मीटर दूर परसा के पेड़ से गमछे के सहारे लटका उसका शव बरामद किया।

मृतक की मां नोराबाई रोहिदास ने एसपी कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि शंकर का पिछले चार वर्षों से रिश्तेदारी में लगने वाली युवती लक्ष्मीन से प्रेम संबंध था। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद से शंकर तनाव में रहने लगा था।

परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले 16 जून को युवती के परिजन उनके घर आए और शंकर को जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि पहले भी कई बार इस तरह की धमकियां दी गई थीं।

मृतक की मां का कहना है कि शव पर चोट और खरोंच के निशान थे, कपड़ों पर खून के धब्बे थे तथा पेड़ के नीचे भी खून पड़ा था। उनका दावा है कि इतनी छोटी लंबाई के गमछे के सहारे युवक का उस स्थिति में लटकना संभव नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 21 जून को आरोपी देवनारायण ने मृतक के एक परिजन के सामने कथित रूप से कहा था, “मैं शंकर ला मारे हों, जा जो करना है कर ले।” परिजनों ने इस कथित बयान की भी जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की बात सामने आई है, वहीं परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही सामने आएगा।