कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के मिलाईबाजार से केशला, गंगदेई, तेंदवाही होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-130ए तक जाने वाली जर्जर सड़क के नवीनीकरण कार्य को वर्षा ऋतु समाप्त होते ही तत्काल प्रारंभ कराने की मांग उठी है।
इस संबंध में समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त सड़क के नवीनीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री सचिवालय, कार्यालय मुख्यमंत्री निवास तथा विधायक प्रेमचंद पटेल द्वारा भी पत्राचार किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (CGRRDA) के अनुसार, भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि इस सड़क के नवीनीकरण कार्य को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृति मिल चुकी है।
वर्तमान में यह मार्ग क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं तथा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
समाजसेवी प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर से मांग की है कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।

Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

