सैलून कर्मचारी ने लगाई फांसी,देर रात पिता से रोते हुए की थी बात

सुबह फोन नहीं उठाने पर पहुंचे परिजन,फंदे पर लटका मिला शव; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर स्थित एक किराए के कमरे में सैलून कर्मचारी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरपाली निवासी 24 वर्षीय रोहन उर्फ अमन श्रीवास के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार रोहन टीपी नगर के पास किराए के कमरे में अकेले रहता था और शहर के एक सैलून में कार्यरत था।

वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे उसकी पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा पिता को फोन किया। बातचीत के दौरान वह भावुक होकर रो रहा था। कुछ देर बाद उसने फोन काट दिया।

शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कई बार फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन तत्काल उसके किराए के कमरे पहुंचे, जहां रोहन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।