पौने दो करोड़ का पुल तैयार, लेकिन एप्रोच रोडअधूरा; बारिश से पहले आवागमन पर संकट के आसार

हरदीबाजार-नेवसा मार्ग पर अधूरे निर्माण पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की

कोरबा। हरदीबाजार-नेवसा मार्ग पर लीलागर नदी पर लगभग 1.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया पुल तैयार हो चुका है, लेकिन दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण अधूरा होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि लगातार तेज बारिश हुई तो पुराने वर्षों की तरह पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बन सकती है, जिससे आवागमन फिर बाधित हो जाएगा।

यह मार्ग नेवसा, उतरदा, सिरली, कसियाडीह, झांझ, बोईदा, नीरतू, कुली सहित सीपत-बिलासपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। वर्तमान में लोग नए पुल के किनारे बने अस्थायी रास्ते से आवाजाही कर रहे हैं, जो बारिश के दौरान जोखिम भरा साबित हो सकता है।

ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुल तैयार होने के बावजूद एप्रोच रोड का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया तो बरसात में हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।

स्थानीय नागरिक राजाराम राठौर ने कहा कि बारिश के मौसम में इस मार्ग पर यातायात बाधित होने की पूरी आशंका है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल निरीक्षण कर एप्रोच रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से करेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अधूरा निर्माण कार्य लोगों की सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। ऐसे में बारिश के मौसम से पहले एप्रोच रोड का निर्माण पूरा कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना जरूरी है।