सर्वमंगला पुल पर ट्रेलर खराब होने से लगा जाम, क्रेन से हटाकर पुलिस ने यातायात कराया बहाल

कोरबा। सर्वमंगला पुल पर गुरुवार को एक ट्रेलर का गुल्ला (एक्सल/सस्पेंशन पार्ट) टूट जाने से यातायात बाधित हो गया। ट्रेलर सड़क पर ही फंस गया, जिससे पुल पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी, एएसआई मनोज राठौर एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने तत्काल यातायात को नियंत्रित करते हुए क्रेन की सहायता से खराब ट्रेलर को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।

कुछ ही देर में ट्रेलर को सुरक्षित हटाकर मार्ग पूरी तरह से साफ कर दिया गया, जिसके बाद सर्वमंगला पुल पर यातायात सामान्य हो गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा जाम टल गया और आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो सका।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि भारी वाहनों का नियमित तकनीकी परीक्षण कराकर ही सड़क पर उतारें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।